कर्णप्रयाग। नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए जल संस्थान की ओर से बदीरनाथ हाइवे के बहुगुणा नगर और पोखरी पुल के पास निर्मित स्टैंड पोस्टों पर एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। वहीं महाविद्यालय के समीप बने हैंडपंप के खस्ताहाल होने से पर्यटकों और स्कूली छात्रों को पीने के पानी की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सुनील कुमार, दीपक कुमार, केशव प्रसाद आदि ने बताया कि कई बार विभागीय अधिकारियों से स्टेंड पोस्ट और खस्ताहाल हैंडपंपों को व्यवस्थित करने की मांग की थी, लेकिन सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने शासन और प्रशासन से इस दिशा में कार्रवाई करने की मांग की। वहीं जल संस्थान के ईई मुकेश कुमार ने बताया कि विभागीय कर्मियों को भेजकर बंद स्टैंड पोस्टों और हैंडपंपों को दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।