अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भूपतवाला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय 44 को कब्जे से मुक्त कराने की मांग को लेकर लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के कारण अवैध निर्माण को ध्वस्त नहीं किया जा रहा है।
भूपतवाला में राजकीय प्राथमिक विद्यालय 44 का परिसर करीब साढ़े चार बीघा का है। परिसर के दोसाइड बाउंड्रीवाल नहीं थी। पास में ही एक पानी की टंकी बनी हुई है। इसका फायदा उठाकर भाजपा नेता और पूर्व मनोनीत सभासद ने अपना कब्जा जमा दिया। रात में स्कूल की भूमि पर बाउंड्रीवाल खड़ी कर गोशाल बना दी गई। जबकि इससे पहले भी यहां गोशाला बनाने की फिराक में थे। स्कूल की भूमि पर कब्जा करने से स्थानीय लोगों में रोष है। शुक्रवार को भी स्थानीय लोगों ने विरोध कर काम रुकवा दिया था। अब शनिवार को लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर अवैध निर्माण ध्वस्त करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र के कई अन्य लोगों पर भाजपा नेता का साथ देने का आरोप भी लगाया है। कहा कि जल्द ही कब्जे को ध्वस्त नहीं किया गया तो अनशन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में लक्ष्मी प्रसाद त्रिपाठी, पंकज जोशी, आशु राय, मनोज निषाध, मोहित, सूरज, राजीव रावत, दिनेश, उमेश, विशाल, नरेश आदि शामिल रहे।