गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम के पूर्व रावल विष्णु नंबूदरी पर दर्ज छेड़छाड़ के मामले में पुलिस चार माह बाद भी कोई खुलासा नहीं कर पाई है। मामले में पुलिस अभी तक चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी, जबकि छानबीन में टीम मुंबई और केरल का दौरा भी कर चुकी है।
बीते 15 जून को बदरीनाथ पहुंची महाराष्ट्र की एक साध्वी ने बदरीनाथ के पूर्व रावल विष्णु प्रसाद नंबूदरी पर छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। साध्वी की तहरीर में बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह पर भी कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। लेकिन एक पखवाड़े के भीतर ही साध्वी ने सीईओ पर लगाए आरोपों को खारिज कर दिया था। साध्वी पूर्व रावल विष्णु प्रसाद नंबूदरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से करती आ रही है। लेकिन चार माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट का कहना है कि एक माह के भीतर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।