गोपेश्वर। तीन साल के लंबे इंतजार के बाद जिला चिकित्सालय में ऑपरेशन होने लगे हैं। अस्पताल में फिजिशियन और सर्जन की तैनाती होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। अस्पताल में दूरबीन विधि से चार आपरेशन किए गए।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज शाह की पहल पर अक्तूबर के पहले सप्ताह में जिला अस्पताल हरिद्वार से सर्जन डा. जौहरी और कोरोनेशन अस्पताल देहरादून से फिजिशियन डा. अमित जैन ने तैनाती दी। अस्पताल प्रशासन ने करीब दस लाख की लागत से माइक्रो बायलॉजी व बायो केमेस्ट्री लैब भी स्थापित कर दी है। जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज शाह ने बताया कि अस्पताल में सर्जन और फिजिशियन की तैनाती होने से अब किसी भी ऑपरेशन के लिए लोगों को बेस अस्पताल व देहरादून की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। अस्पताल में मौजूदा समय में 15 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं। जिला अस्पताल में अधिक रक्त स्राव से गर्भवती महिलाओं व अन्य मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब ऑपरेशन के दौरान रक्तस्राव को रोकने के लिए थर्मोकॉट्री मशीन स्थापित कर दी गई है। सूई व तागे के बजाय स्टेपलर से टांके लगाने की व्यवस्था भी की गई है।