श्रीनगर। गढ़वाल विवि के बिरला परिसर के स्वयंसेवियों ने सामाजिक जागरूकता को लेकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए गोला पार्क तक कैंडल मार्च किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के साथ होने वाली अप्रिय घटनाओं जैसे बाल यौन शोषण, मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, बच्चों में बढ़ रही उदासीनता व आत्म हत्या जैसी प्रवृत्ति को रोकने के लिए लोगों में जागरूकता पैदा करना था। इस मौके पर छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
बृहस्पतिवार को देर रात तक आयोजित कार्यक्रम में डा. आलोक सागर गौतम ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार समाज में बाल यौन शोषण तेजी से बढ़ रहे है। मुख्य अतिथि प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि बच्चों को कभी भी सार्वजनिक स्थान व समाज में डांटना नही चाहिए। इसका बच्चों की मानसिक दशा पर बुरा प्रभाव पड़ता है। मौके पर लव मैठाणी, तान्या भारती, श्रुति, अनीषा एवं निधि की ओर से ओ री चिरैया एवं छुप्पा-छुप्पी बहुत हुई की शानदार प्रस्तुति दी गई। हिमांशु की ओर से ‘है प्रीत जहां की रीत सदा मैं गीत वहां के गाता हूूं’ के गीत ने अंधेरे का माहौल देश भक्ति के उजाले में बदल दिया। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि की ओर से एनएसएस स्वंयम सेवी शिवम उनियाल को स्मृति चिहृृ भेंट किया गया। इस मौके पर कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रो. किरन डंगवाल, शैलेंद्र रावत, गंगा असनोड़ा, डा. विनीत मौर्य, डा. जसपाल चौहान, डा. विनोदनी, डा. प्रेम प्रकाश आदि मौजूद थे।