चार घंटे बिजली गुल रहने से छूटे पसीने
-- मरम्मत के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बाधित रही विद्युत सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
विद्युत सब स्टेशन, वीरभद्र में बिजली लाइन की मरम्मत की वजह से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिसके कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर बिजली पर निर्भर व्यावसायियों को ज्यादा दिक्कतें पेश आई। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे से शाम चार बजे तक शहर के अधिकांश इलाकों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप रही। इसके साथ ही श्यामपुर और रायवाला क्षेत्र में भी बत्ती गुल होने से लोगों को दिन भर उमस और गर्मी से परेशान होना पड़ा। छह घंटे तक बिजली गुल रहने से लोगों के इनवेटर भी जवाब दे गए।
इससे सरकारी कार्यालयों के अलावा निजी प्रतिष्ठानों में भी बिजली के उपकरण बंद होने से लोगों को परेशानी पेश आई। ऊर्जा निगम ने दीपावली से पूर्व विद्युत व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए लाइनों की दुरुस्त करने की बात कही है। शैल विहार, रेलवे रोड, इंदिरानगर, नेहरूग्राम, प्रगति विहार, धोबीघाट, ऋषिलोक कॉलोनी, चंद्रेश्वरनगर, देहरादून रोड, आदर्शग्राम, कुम्हारवाड़ा, लक्ष्मणझूला रोड, ढालवाला, चौदहबीघा, पुष्कर मंदिर रोड, सुदामा मार्ग, जीवनीमाई रोड, वाल्मीकि बस्ती आदि इलाकों में विद्युत सेवा घंटों ठप रही।
ग्रामीण क्षेत्र में यह इलाके रहे प्रभावित
ग्रामीण क्षेत्र वीरभद्र सब स्टेशन में मरम्मत की वजह से रायवाला सब स्टेशन को भी ऊर्जा निगम को बंद करना पड़ा। सब स्टेशन के अंतर्गत पड़ने वाले प्रतीतनगर, रायवाला गांव, गौहरीमाफी, खांडगांव, छिद्दरवाला में पांच घंटे बिजली गुल रही। इसके अलावा श्यामपुर, खदरी, गढ़ीमैयचक और आसपास के क्षेत्रों में बिजली सेवा बाधित रही।
आज इन इलाकों में नहीं आएगी बिजली
नगर पालिका सब स्टेशन के उपखंड अधिकारी राजीव कुमार के मुुताबिक वीरभद्र सब स्टेशन में मरम्मत कार्य के चलते बृहस्पतिवार को नगर पालिका कार्यालय, हरिद्वार रोड, तिलक रोड, त्रिवेणीघाट रोड, मायाकुंड, गंगानगर, सोमेश्वनगर, शांतिनगर, बनखंडी, सर्वहारानगर, उग्रसेन नगर, एम्स क्षेत्र, पशुलोक विस्थापित क्षेत्र, बैराज आदि इलाकों में सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक विद्युत सेवा बाधित रहेगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
वीरभद्र सब स्टेशन में मरम्मत कार्य होने की वजह से विद्युत सेवा को बाधित करना पड़ी। इसकी जानकारी लोगों को संचार माध्यमों से दी गई थी। बृहस्पतिवार को भी कुछ क्षेत्रों में मेंटीनेस के चलते बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
डीपी सिंह, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम।