कर्णप्रयाग। जंगल में घास लेने गई बनाणी गांव की संगीता देवी (36) पत्नी भास्कर राणा को भालू ने हमला कर घायल कर दिया।
परिजन पुष्कर राणा ने बताया कि सुबह गांव की महिलाएं जीजीआईसी कर्णप्रयाग के समीप के जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं। तभी जंगल में घात लगाए भालू ने संगीता पर हमला कर दिया। साथ गई महिलाओं शांति देवी, देवेश्वरी देवी ने यह देखा और हल्ला मचाना तो भालू जंगल की ओर भाग गया। महिलाओं ने इसकी सूचना परिजनों को दी। इसके बाद ग्रामीण तथा परिजन घायल संगीता को निजी वाहन से सीएचसी कर्णप्रयाग लाए। सीएचसी के चिकित्सक डा. मनोज मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद संगीता को घर भेज दिया है। बनाणी के ग्रामीणों सुजान सिंह राणा, सूर सिंह बर्तवाल, भास्कर राणा आदि ने प्रशासन और वन विभाग से भालू के आतंक से निजात दिलाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।