नागों को देखने के लिए उमडे़ ग्रामीण
-- स्थानीय लोगों ने नाग जोड़े को पकड़कर बोरे में बंद
डोईवाला। रानीपोखरी सिंचाई नहर में नागों का जोड़ा दिखाई देने से गांव में हड़कंप मच गया। नाग जोडे़ को देखने के लिए ग्रामीण भारी संख्या में खड़े रहे। स्थानीय लोगों ने नाग जोड़े को पकड़कर सुरक्षित बोरे में बंद कर वन विभाग को सौंप दिया। सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों को स्टेट हाईवे से सटी नहर में नागों को जोड़ा दिखाई दिया। भाजपा नेता सुबोध जायसवाल ने थानों वन रेंज के अधिकारियों को नहर में नाग जोड़ा होने की सूचना दी गई।
वन विभाग की टीम आने से पहले डोईवाला राजीव नगर निवासी भारत भूषण कौशल ने नाग जोड़ा पकड़कर बोरे में बंद कर दिया। नहर में नाग जोड़ा होने से कौतूहल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने नाग जोड़े को सुरक्षित पकड़ने पर भारत भूषण की प्रशंसा की। कुछ देर बाद मौके पर आई वन विभाग की टीम को बोरे में बंद नाग जोड़ा सौंप दिया गया। बताया गया कि नागों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया है। भाजपा नेता सुबोध जायसवाल ने वन विभाग की टीम के समय पर नही आने पर रोष जताया।