श्रीनगर। चंद्र बल्लभ स्मृति स्थाई निधि न्यास इस वर्ष 10 मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान करेगा। 1921 में गठित इस न्यास की सहायता से मुकुंदी लाल बैरिस्टर सहित कई प्रसिद्ध लोग देश-विदेश में पढ़ाई कर चुके हैं।
चंद्र बल्लभ स्मृति स्थाई निधि न्यास की बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सुशील कुमार ने की। न्यास के सचिव प्रो. केडी पुरोहित ने कहा कि वर्ष 2017-18 में मेडिकल व इंजीनियरिंग जैसे पाठ्यक्रमों के पांच छात्रों को प्रतिमाह 2 हजार व अन्य 5 छात्रों को 1 हजार प्रतिमाह की छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रो. केडी पुरोहित ने बताया कि इस वर्ष श्रीमती रामेश्वरी देवी बडोला स्मृति न्यास का विलय भी चंद्र बल्लभ स्मृति स्थाई निधि न्यास में हो गया है। साथ ही प्रतिभा देवी ध्यानी ने अपने बेटे गणेश ध्यानी की स्मृति में न्यास को धनराशि भेंट की है। बैठक में प्रो. केसी पुरोहित, मनीष खंडूड़ी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मदन सिंह रावत, एनएस खत्री कोषाधिकारी शामिल थे।