अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कांग्रेस ने बुधवार को ज्वालापुर स्थित कटहरा बाजार तिराहे पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर घरेलू गैस के दामों में की गई बढ़ोत्तरी वापस करने की मांग की। इस अवसर पर अंकित चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है। घरेलू गैस के दाम बहुत ज्यादा बढ़ा दिए गए हैं। ऐसे में गरीबों के घर में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राव आफाक अली ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ने से गरीब जनता हताश निराश हो चुकी है। अच्छे दिनों का वादा करने वाली केंद्र सरकार के दावे हवाई साबित हुए । उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में बेतहाशा मूल्य वृद्धि से आम जनमानस हताश है। आर्थिक मंदी की दौर से व्यापारी गुजर रहे हैं। नोटबंदी के बाद जीएसटी भी जल्दबाजी में लागू कर दी गई है जिससे व्यापारियों में हताशा साफ दिख रही है। देश में उज्ज्वला योजना लाकर प्रत्येक घर में गैस पहुंचाने का दावा तो किया गया, लेकिन दूसरी ओर घरेलू गैस के दाम बढ़ाए जा रहे हैं। हाजी शहाबुद्दीन अंसारी ने कहा कि नागरिकों के साथ केंद्र सरकार छलावा कर रही है। प्रदर्शन करने वालों में राव फरमान, अनिल चैहान, तरुण, अंकित चैहान, सोनू सिंह, अमजद, इजहार, गोपाल वर्मा, कन्नू वर्मा, आरिफ प्रधान, बिलाल अंसारी, सुनहरा अंसारी, मुजम्मिल, फरमान, सावेज, आकाश कश्यप, आदि उपस्थित रहे।