श्रीनगर। गढ़वाल विवि के छात्रों का यूट्यूब चैनल ‘खुला खत’ लोगों को खूब पसंद आ रहा है। छात्र विभिन्न सामाजिक समस्याओं पर वीडियो फिल्म बनाकर यूट्यूट चैनल पर अपलोड कर रहे हैं, जिन्हें लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर के छात्र योगेश धस्माना, सचिन कोठियाल, नीरज वर्मा व राहुल ने यूट्यूब पर ‘खुला खत’ नाम से एक चैनल बनाया है। ये सभी छात्र गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर से विभिन्न विषयों में पीजी कर रहे हैं। छात्र योगेश धस्माना ने बताया कि वह विभिन्न सामाजिक समस्याओं पर पांच से 10 मिनट की वीडियो फिल्म बनाते है और उसे अपने चैनल पर अपलोड कर देते हैं। बताया कि वह अब तक तीन फिल्में बनाकर यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर चुके हैं। हाल में ही बनाई गई वीडियो फिल्म ‘एन ओपन लैटर ऑफ द गर्ल्स टू विद दियर पैरेंट्स’ लोगों को खूब भा रही है। इस फिल्म में छात्राएं शादी के दौरान अपनाई जाने वाली रूढ़िवादी विचार धाराओं को उन पर न थोपे जाने के लिए अपने अभिभावकों से कह रही है। वीडियो में छात्राओं ने अपने अभिभावकों से अपील की है, कि उन्हें अपना जीवन अपने तरीके से जीने का अधिकार दिया जाए। वीडियो फिल्म बिड़ला परिसर में बनाई गई है। इससे पूर्व छात्र बच्चों के खोते बचपन पर भी वीडियो फिल्म बना चुके हैं।