फोटो :---------------
जाम में फंसे वाहन, लंबे रूट के यात्री परेशान
-- तीर्थनगरी से सोमवार को दिल्ली, मेरठ के यात्रियों को करना पड़ा वाहनों के लिए घंटों इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
सोमवार को चारधाम बस ट्रांजिट कंपाउंड स्थित रोडवेज बस अड्डे पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को लंबी दूरी की बसों के लिए फजीहत झेलनी पड़ी। सोमवार को ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे पर वाहनों की कमी से पैसेंजरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर आदि लंबे रूटों की बसों के टोटे से इन क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को बस अड्डे पर घंटों वाहनों की प्रतीक्षा करनी पड़ी। उन्हें बस स्टैंड पर विश्राम शेड के अभाव में तपती धूप, उमस में घंटों वाहनों के इंतजार में टकटकी लगानी पड़ी। डिपो में अकसर वाहनों की कमी के चलते इस तरह की दिक्कतें आती हैं। हरिद्वार व देहरादून रूट पर कम वाहनों के संचालन व यात्रियों के अत्यधिक दबाव के चलते लोगों को बसों का इंतजार करना पड़ता है।
इन दिनों त्योहारी अवकाश हैं, जिसके कारण नगर क्षेत्र में पर्यटक वाहनों का भारी दबाव है। इसके चलते हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर रोज-रोज लग रहे जाम को वाहनों की कमी की वजह बताई गई। रोडवेज प्रशासन की मानें तो हाईवे पर जाम लगने के कारण अक्सर लंबी दूरी की बसें जाम में फंस जाती हैं, जिससे डिपो से संचालित होने वाली सर्विस प्रभावित होती हैं और पैसेंजरों केे वाहनों का इंतजार करना पड़ता है।
लक्ष्मणझूला में रहा जाम
सोमवार को यात्रियों के साथ ही पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ने से लक्ष्मणझूला क्षेत्र में भी दोपहर के समय लोगों को जाम से परेशान होना पड़ा। इस दिनों क्षेत्र में पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। साथ ही लोग निजी वाहनों से तीर्थक्षेत्र की यात्रा, गंगा स्नान, तीर्थदर्शन के लिए यहां उमड़ रहे हैं। जिसके चलते वाहनों का दबाव बढ़ने से क्षेत्र में भी जाम की स्थिति बनी रही।