अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
टिहरी विस्थापित कालोनी में लगे 400 केवी के ट्रांसफार्मर फुंकने से क्षेत्र में 36 घंटे बाद बिजली-पानी की आपूर्ति सुचारु हो सकी। बिजली नहीं होने से लोगों के लिए रविवार और सोमवार परेशानी भरे रहे।
शनिवार रात टिहरी विस्थापित कालोनी में लगे ट्रांसफार्मर पर फाल्ट आ गया। रात को कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन करने पर भी कोई कर्मचारी बिजली ठीक कराने नहीं पहुंचा। सुबह कर्मचारी आए तो मालूम हुआ कि ट्रांसफार्मर फुंक गया है। आसपास के क्षेत्रों से संपर्क किया गया, लेकिन कहीं भी ट्रांसफार्मर नहीं मिला। विभाग ने देरहादून से ट्रांसफार्मर मंगवाने का निर्णय लिया। शनिवार रात को गई बिजली रविवार दस बजे तक नहीं आ पाई थी। 36 घंटे लोगों ने बिना बिजली के ही काटने पड़े। करीब चार हजार की आबादी वाले क्षेत्र में बिजली न होने से पानी तक नहीं मिल सका, इससे हाहाकार मच गया। रविवार को बिजली न होने से लोगों की छुट्टी का भी मजा किरकिरा रहा तो रात भी बितानी मुश्किल हो गई। ज्वालापुर डिवीजन के अधिशासी अभियंता प्रदीप चौधरी ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली नहीं आ सकी थी। नया ट्रांसफार्मर देहरादून से मंगवाकर लगवाया गया है।