कर्णप्रयाग। ब्लाक के सिलंगी गांव में ग्रामीण वायरल की चपेट में है। यहां वायरल के रोग बढ़ते जा रहे हैं इसमें अधिकतर बुजुर्ग हैं, जो चालीस किमी दूर अस्पताल जाने में असमर्थ हैं और अधिकतर लोग झोलाछाप डॉक्टर से इलाज कराने को मजबूर हैं। गांव में एक मात्र एएनएम सेंटर है लेकिन यहां एएनएम की तैनाती न होने से ताला लटका है। ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की।
सिलंगी की प्रधान की दीपा देवी ने बताया कि एक सप्ताह से गांव में वायरल फैला है। गांव में 25 से अधिक वायरल की चपेट में हैं। युवक अशोक पंवार ने बताया कि गांव की बुजुर्ग मूंगा देवी, रूकमा देवी, प्रताप सिंह सहित अधिकतर बुजुर्ग वायरल की चपेट में हैं। सिलंगी ही नहीं आसपास के डोंठला, गनोली सहित अन्य गांवों में भी वायरल फैल रहा है। सिलंगी के विक्रम सिंह और पूर्व प्रधान शिशुपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीण लगातार आसपास के दस से अधिक गांवों के लिए अस्पताल खोलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अस्पताल तो दूर गांव में संचालित एएनएम सेंटर में एएनएम की तैनाती भी नहीं है। ऐसे में सक्षम ग्रामीण चालीस किमी दूर कर्णप्रयाग से उपचार करवा रहे हैं, जबकि अधिकतर लोग परेशानी झेल रहे हैं। वहीं चमोली की मुख्य चिकित्साधिकारी डा. भागीरथी जगपांगी ने बताया कि जल्द गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर उपचार शुरू किया जाएगा। एएनएम के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।