रायवाला से श्यामपुर तक दिन भर रहा जाम
-- राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली ने भी बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
बदरीनाथ नेेशनल हाईवे की बदहाली और दशहरा पर्व अवकाश की वजह से वाहनों के अत्यधिक दबाव के चलते शनिवार को रायवाला से लेकर श्यामपुर तक लोगों को जाम के झाम से जूझना पड़ा। सबसे खराब स्थिति रायवाला क्षेत्र में देखी गई। यहां राजमार्ग की जर्जर हालत की वजह से वाहन सुबह से लेकर शाम तक रेंग-रेंगकर आगे बढ़े। शनिवार सुबह से ही रायवाला स्थित हरिपुरकलां से लेकर श्यामपुर तक वाहन सवारों को जाम ने खासा परेशान किया। लोगों को महज आधा घंटे का सफर पांच से छह घंटे में तय करना पड़ा। इसकी अहम वजह रायवाला क्षेत्र में जगह-जगह उधड़ा राजमार्ग और दशहरे की वजह से सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों व स्कूलों में अवकाश के चलते सैलानियों का तीर्थनगरी की ओर रुख करना रहा।
छुट्टियां बीताने के लिए समीपवर्ती राज्य उत्तरप्रदेश, दिल्ली, हरियाणा आदि प्रांतों से भारी संख्या में सैलानी निजी व टैक्सी वाहनों से तीर्थनगरी पहुंचे। वाहनों का दबाव बढ़ने व संकरे और बदहाल राजमार्ग की वजह से रायवाला से श्यामपुर तक दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पुलिसकर्मियों को व्यवस्था को सुचारु रखने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम के चलते लोगों के लिए सड़क पार करना तक मुश्किल हो गया।
मुनिकीरेती क्षेत्र में भी जूझे लोग
छुट्टियों पर मुनिकीरेती से तपोवन तक तीर्थ क्षेत्र के हालात भी रायवाला के जैसे रहे। यहां भी शनिवार को कुछ ऐसी ही स्थिति देखने को मिली, जिसके कारण बदरीनाथ राजमार्ग पर चंद्रभागा पुल से तपोवन तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए वाहनों को तपोवन से भद्रकाली की ओर डायवर्ट भी किया, मगर हालात में खास सुधार नहीं दिखे।
पुलिस नहीं ले रही सबक
पर्व-त्योहारों और अवकाश पर तीर्थनगरी में पर्यटकों के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से लोगों की आवाजाही बढ़ने पर अकसर रायवाला से लेकर ऋषिकेश तक जाम लगता है, लेकिन पुलिस संज्ञान में होने के बावजूद ऐसे अवसरों पर यातायात की कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पा रही है। हालांकि, पुलिस कई दफा बैठकों में जनता को जाम से राहत दिलाने के दावे जरूर करती है। पर्व-त्यौहारों पर सड़क पर ऐसी कोई खास व्यवस्था कहीं नजर नहीं आती। बावजूद इसके पुलिस हर बार की इस समस्या से सबक लेने को तैयार नहीं दिखती।