श्रीनगर। गढ़वाल विवि के वित्त अधिकारी डा. पदमाकर मिश्र की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सोसाइटी फार रिव्यूलोशन अगेंस्ट करप्शन ने वित्त अधिकारी के खिलाफ गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज किए जाने की बात कही है। वित्त अधिकारी ने वेतन के रूप में ली गई 4 लाख 31 हजार 80 रुपये की अतिरिक्त धनराशि गढ़वाल विवि के खाते में कुछ दिन पूर्व जमा कराई थी। साथ ही विवि के कुलपति को पत्र लिख उनके वेतन से प्रतिमाह 33 हजार 160 रुपये काटे जाने के लिए भी कहा था।
कुलपति को लिखे पत्र में वित्त अधिकारी ने कहा था कि वह दिल्ली विश्वविद्यालय से 31 जुलाई 2016 को सेवानिवृत्त हो गए हैं और वहा से पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। सोसाइटी के सचिव संतोष ममगांई व विवि के सिस्टम मैनेजर ने भी कुलपति से वित्त अधिकारी की शिकायत की थी। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि वित्त अधिकारी दिल्ली विवि से पूरी पेंशन लेने के साथ ही गढ़वाल विवि से भी वेतन की पूरी धनराशि ले रहे हैं। जबकि नियमानुसार एक व्यक्ति पेंशन व वेतन दोनों एक साथ नहीं ले सकता है। संतोष मंमगाई ने कहा कि वित्त अधिकारी से यह राशि ब्याज सहित वसूली जानी चाहिए थे, लेकिन विवि प्रशासन ने ऐसा नहीं किया है। सोसाइटी वित्त अधिकारी के खिलाफ सरकारी धन का गबन के आरोप में मुकदमा दर्ज कराएगी।