स्वदेशी लाईटों से जगमगाएगा त्रिवेणीघाट
-- शाम सात बजे होगा रावण के कुनबे का दहन, 60 फीट के रावण जबकि 50 व 45 फीट के होंगे मेघनाथ कुंभकरण
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। तीर्थनगरी में शनिवार को दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुभाष क्लब दशहरा कमेटी ने पर्व के लिए खास इंतजाम किए हैं। इस बार त्रिवेणीघाट को चाइनीज नहीं, बल्कि स्वदेशी लाइटों से जगमगाने की तैयारी की गई है। कमेटी द्वारा त्रिवेेणीघाट के प्लेटफार्म से गंगा के बीच बने टापू तक अस्थायी सेतु बनाया गया है। पर्व पर टापू पर 60 फीट के रावण और उसके कुनबे का दहन किया जाएगा।
दहशरा मेले के संयोजक राहुल शर्मा ने बताया कि त्रिवेणीघाट पर शनिवार शाम करीब सात बजे दशानन समेत उसके कुनबे को आग के हवाले किया जाएगा। त्रिवेणीघाट को पर्व के लिए स्वदेशी लाइटों से सजाया गया है। इस बार रावण के पुतले के कद को पांच फीट बढ़ाकर 60 फीट किया गया है। जबकि 50 फीट के मेघनाद और 45 फीट के कुंभकर्ण का पुतला बनाया गया है। जिन्हें दशहरा पर्व जलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पर्व पर टापू तक सिर्फ कमेटी के सदस्यों को जाने की इजाजत होगी। अन्य दर्शक त्रिवेणीघाट से पुतला दहन को देखे सकेंगे। संयोजक राहुल शर्मा ने बताया कि कमेटी ने नदी तट पर रामसेतु से लेकर अन्य सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। पुलिस से भी घाट और आसपास की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम रखने के लिए कहा गया है। इस बाबत फायर सर्विस के अधिकारियों को भी अवगत कराया गया है।
घाट पर होगा आतिशबाजी का मुकाबला
दशहरा पर्व पर इस बार मुजफ्फरनगर के सफी अहमद और सहारनपुर के कमल फायर के बीच आतिशबाजी का मुकाबला होगा। सुभाष क्लब दशहरा कमेटी से जुड़े राहुल शर्मा ने बताया कि आतिशबाजी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को कमेटी की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
आसपास के क्षेत्रों में भी तैयारी पूरी
शहर के अलावा आसपास के इलाकों लक्ष्मणझूला, आईडीपीएल और अन्य ग्रामीण इलाकों में भी दशहरा पर्व पर रावण के परिवार को दहन करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से ही रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले बनाए हैं।
त्रिवेणीघाट तक वाहनों की पहुंच पर रहेगी रोक
दशहरा मेले के चलते कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कोतवाल प्रवीन चंद कोश्यारी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले त्रिवेणीघाट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शनिवार को दोपहर बाद से त्रिवेणीघाट रोड, पुराना बाजार सुभाष चौक व पुराने बदरीनाथ मार्ग पर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित रहेगी।