गोपेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी। डीएम आशीष जोशी ने अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। डीएम ने सभी राजकीय कार्यालय भवनों व नगर पालिका भवनों के आसपास एक अक्तूबर को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पर्यटन विभाग को पुराने बदरीनाथ पैदल मार्ग पर चमोली से पीपलकोटी तक अधिकारियों की ट्रैकिंग प्रतियोगिता कराने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि दो अक्तूबर को सभी सरकारी भवनों में सुबह आठ बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद स्वच्छता अभियान शुरू किया जाएगा। डीएम ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को कर्णप्रयाग-बदरीनाथ पैदल मार्ग का पुनर्निर्माण कराने के निर्देश दिए। कहा कि इस ट्रैक पर पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएं। इस मौके पर सर्वोदयी नेता मुरारी लाल, सुरेंद्र सिंह लिंगवाल, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र कुमार, आनंद सिंह, डीएफओ एसपी सिंह, सीईओ एलएम चमोला और जिला पर्यटन अधिकारी एसएस यादव आदि मौजूद थे।