दो दिवसीय दौरे के बाद दिल्ली लौटे राष्ट्रपति
-- मौसम खराब होने से पौने चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद रविवार देर अपराह्न दो दिवसीय दौरे के बाद सपरिवार दिल्ली लौट गए। मौसम खराब होने के कारण राष्ट्रपति कोविंद पौने चार बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। वापसी के दौरान एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य प्रशासनिक और सैन्य अधिकारी मौजूद रहे। रविवार को राष्ट्रपति चॉपर से केदारनाथ और बद्रीनाथ दर्शन के लिए गए थे। वहां से उनका साढ़े बारह बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर वापसी का कार्यक्रम था, लेकिन मौसम खराब होने से कारण चॉपर को गौचर में आपातकालीन लैडिंग करनी पड़ी।
वहां से उनके चॉपर विमान ने करीब पौने चार बजे जौलीग्रांट के लिए उड़ान भरी। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर चार बजकर 20 मिनट पर चॉपर पहुंचा। करीब बीस मिनट के बाद 4 बजकर 40 मिनट से वायुसेना के विशेष विमान से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी। विदाई के दौरान राज्यपाल डा. केके पाल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मुख्य सचिव एस रामास्वामी, डीजीपी अनिल रतूडी के अलावा सैन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति के विमान के दिल्ली उड़ान भरने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।