घाट (चमोली) जंगल में घास और लकड़ी लेने गई चार महिलाएं अंधड़ से टूटे पेड़ की चपेट में आने से घायल हो गई। क्षेत्र में सड़क नहीं होने से ग्रामीणों ने करीब 12 किलोमीटर तक महिलाओं को कंधे में कुर्सी के सहारे सड़क तक पहुंचाया, जहां से 108 सेवा वाहन से उसे सीएचसी घाट में भर्ती कराया।
रविवार को कनोल गांव की ऊखा देवी पत्नी बलवंत सिंह, लक्ष्मी देवी पत्नी लक्ष्मण सिंह, अमरा देवी पत्नी हुकम सिंह और कला देवी पत्नी लक्ष्मण सिंह सुबह करीब साढे़ दस बजे घास व लकड़ी लेने गांव के समीप के जंगल में गई थी। इस दौरान क्षेत्र में मौसम सामान्य बना था, लेकिन सुबह करीब साढ़े दस बजे बारिश और अंधड़ से एक पेड़ टूटकर महिलाओं के ऊपर आ गिरा, जिससे महिलाएं घायल हो गई। घटना की सूचना जंगल गई अन्य महिलाओं ने ग्रामीणों को दी, जिसके बाद ग्रामीण चारों घायल महिलाओं को कंधे पर कुर्सी के सहारे करीब 12 किमी चलकर सुतोल गांव तक लाए। जहां से 108 सेवा वाहन से उन्हें सीएचसी घाट में भर्ती कराया गया है। सभी घायल महिलाओं की स्थिति गंभीर बनी हुई है।