श्रीनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी जेआर जोशी ने निम के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल की पहल पर चल रहे सेना भर्ती प्रशिक्षण कैंप चौरास का दौरा किया। इस मौके पर उन्होंने युवाओं से कर्नल कोठियाल से प्रेरणा लेकर देशसेवा में जीवन अर्पित करने का आह्वान किया।
रविवार को श्रीनगर एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे एसएसपी पौड़ी अचानक मढ़ी (चौरास) में चल रहे सेना भर्ती प्रशिक्षण कैंप में पहुंचे। मढ़ी में कर्नल कोठियाल के यूथ फाउंडेशन की ओर से युवाओं के लिए निशुल्क सेना भर्ती प्रशिक्षण कैंप चलाया जा रहा है। शिविर में युवाओं को सेना की तैयारी करवाई जा रही है। इस मौके पर एसएसपी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेना भर्ती प्रशिक्षण शिविर क्षेत्र के युवाओं के लिए वरदान है। आज उत्तराखंड के हर एक क्षेत्र का युवा इस शिविर का लाभ ले रहा है। जिस गांव से एक भी सेना का जवान नहीं था। वहां का युवा आज यूथ फाउंडेशन के प्रयासों से सेना में सेवा दे रहा है। इस अवसर पर कोतवाल श्रीनगर एनएस बिष्ट, एसएसआई जितेंद्र चौहान और बिड़ला परिसर के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दिव्यांशु बहुगुणा आदि मौजूद थे। ब्यूरो