श्रीनगर। गढ़वाल विवि के चौरास परिसर में एनसीसी के नेशनल रॉक क्लाइंबिंग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण शिविर में 12 राज्यों के 270 कैडे्टस प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर का समापन 2 अक्तूबर को होगा।
शनिवार को प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि रुड़की ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर बीके केशव ने कहा कि साहसिक खेल व्यक्ति को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। शिविर का एक उद्देश्य कैडेट्स में नेतृत्व के गुणों को विकसित करना भी है। डिप्टी कमांडेंट कर्नल आशीष दत्त ने बताया कि 10 दिनों तक चलने वाले इस कैंप को दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम पांच दिनों में बालक व अंतिम पांच दिनों में बालिका कैडेट्स को प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के दौरान नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के प्रशिक्षक कैडेट्स को कृत्रिम व प्राकृतिक चट्टानों पर रॉक क्लाइंबिंग के गुर सिखाएंगे। इस अवसर पर कर्नल अखिलेश खन्ना, ले. सुरेंद्र बिष्ट, सूबेदार बेलम सिंह, हवलदार भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।