श्रीनगर। शारदा घाट के समीप चट्टान पर फंसी गाय को पुलिस की आपदा प्रबंधन टीम ने सुरक्षित निकाल लिया।
शुक्रवार को एक गाय शहर में अलकनंदा नदी किनारे स्थित शारदा घाट के समीप टापू में फंस गई। शारदाघाट में रहने वाले बाबा ट्रक की ट्यूब के सहारे उसे टापू से निकाल तो ले आया, लेकिन गाय नदी के किनारे चट्टान में फंस गई। बाबा ने ट्यूब के सहारे दूसरे स्थान में ले जाने की कोशिश की, लेकिन गाय जमीन में लेट गई। घटना को देख रहे प्रदीप बहुगुणा ने सामाजिक कार्यकर्ता विभोर बहुगुणा को सूचना दी। विभोर ने चट्टान पर फंसी गाय की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड की, जिसके बाद कोतवाली का आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचा। चट्टान से नदी किनारे कोई रास्ता न होने के चलते गाय को राफ्ट में लाने का निर्णय लिया गया। दल ने गाय को लाइफ जैकेट पहना कर राफ्ट में बैठा दिया। यहां से नदी में होते हुए दल गाय को लगभग 500 मीटर नीचे सुरक्षित स्थान पर लेकर पहुंचा। ब्यूरो