थराली। एसएसबी की महानिदेशक अर्चना रामा सुंदरम ने ग्वालदम स्थित सशस्त्र सीमा बल के प्रशिक्षण स्कूल सीआईजेडब्ल्यू (विद्रोहिता एवं जंगल युद्धकला पद्धति) का निरीक्षण किया।
उन्होंने एसएसबी के सैनिकों से कहा कि इस प्रशिक्षण स्कूल से निकले कई वीर सैनिक सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं। उन्होंने इसे और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। भ्रमण के दौरान महानिदेशक ने 34वें एचएटीसी सह माउंट सैफी अभियान 6161 मीटर दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने संदीक्षा कार्यक्रम में शामिल होकर यहां किए जा रहे कार्मिकों के परिवारों के कल्याण की गतिविधियों का जायजा लिया। इस मौके पर सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने जंगल सर्वाइवल, बिल्डिंग रेस्क्यू, हाउस क्लीयरिंग ड्रिल तथा कैमोफलेज कंसीलमेंट आदि की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान सशस्त्र सीमा बल अकादमी भोपाल के महानिरीक्षक पीके गुप्ता, उप महानिरीक्षक प्रशिक्षण बल मुख्यालय दिल्ली यूपी और उपमहानिरीक्षक मुुकेश कुमार आदि मौजूद थे।