कीर्तिनगर। साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समारोह त्रिपथगा की ओवर ऑल चैंपियनशिप कीर्तिनगर विकास खंड के नाम रही। जबकि भिलंगना ब्लाक द्वितीय व नरेंद्र नगर ब्लाक तीसरे स्थान पर रहा। तीन दिवसीय इस समारोह का समापन जौनपुर ब्लाक की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया।
बुधवार को कीर्तिनगर ब्लाक के जीआईसी किलकिलेश्वर खेल मैदान में आयोजित टिहरी जनपद की स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता त्रिपथगा का समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन गोला व चक्का फेंक तथा दौड़ प्रतियोगिताओं का फाइनल मुकाबला आयोजित किया गया। गोला व चक्का फेंक सीनियर बालक वर्ग में जीआईसी कीर्तिनगर के अंकित राणा चैंपियन रहे। सीनियर बालिका वर्ग में जीआईसी क्यारी की ज्योति चैंपियन रही। प्रतियोगिता की ओवर ऑल चैंपियनशिप कीर्तिनगर के नाम रही। जबकि भिलंगना द्वितीय, नरेंद्र नगर तृतीय, जौनपुर चौथे व चंबा पांचवें स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि जेएस बिष्ट ने पुरस्कार वितरित किया। कार्यक्रम में केशवानंद बहुगुणा, आरएस रावत, केपी चंदोला, शिव प्रसाद रतूड़ी, रविंद्र मिया, सतीश बलूनी, एसएस कठैत, दिनेश पुंडीर आदि मौजूद थे। ब्यूरो