अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
भूपतवाला क्षेत्र में नारायण सेवा आश्रम के सामने हाईवे के साथ भट्टा कालोनी के मुहाने पर पेयजन निगम की राइजिंग मुख्य पेयजल लाइन की सप्लाई का ज्वाइंट लीक कर रहा है। ऐसे में चार दिन से 24 घंटे पानी बर्बाद हो रहा है। आसपास के खाली गहराई वाले प्लाट पानी ने भर गए हैं।
पेयजल निगम की इस लाइन को हाईवे चौड़ीकरण के तहत सड़क से नाले के साथ शिफ्ट कराया गया था। पाइप लाइन का ज्वाइंट ठीक से नहीं लगाने से एक साल से ज्वाइंट वाले स्थान से पानी लीकेज कर रहा था, परंतु चार दिन से ज्वाइंट पूरी तरह से खुल गया है। ऐसे में 24 इंची राइजिंग मेन लाइन से पानी प्रेशर के साथ निकल रहा है। लेकिन अभी यह तय नहीं हो पाया है कि इस पेयजल लाइन को ठीक कौन करेगा। जल संस्थान, पेयजल निगम की ओर देख रहा है और पेयजल निगम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर देख रहा है। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता राकेश चंद्र बमराड़ा का कहना है कि पेयजल निगम की इस पाइप लाइन को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण वालों ने शिफ्ट किया था, इसलिए उसे ठीक करने का काम उन्हें ही करना है। जबकि पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता मोहम्मद मीसम का कहना कि एनएचएआई से पाइप लाइन को ठीक कराया जाएगा। एक ओर जहां पूरा सिस्टम राष्ट्रपति के आगमन की तैयारी में सभी व्यवस्थाओं को चुस्त दुरूस्त करने में लगा हुआ है वहीं हाईवे की लीकेज को कौन ठीक कराएगा इसका निर्णय नहीं हो पाया है।