कीर्तिनगर। मूलाणा-कांडी सड़क निर्माण के मलबे से क्षतिग्रस्त पेयजल योजना पर विगत चार दिनों से आपूर्ति ठप है। क्षेत्र की करीब दस हजार की आबादी पेयजल संकट से जूझ रही है। बावजूद विभाग समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है।
पीएमजीएसवाई की मूलाणा-कांडी मोटर मार्ग के निर्माण से विकासखंड के ग्राम पंचायत घिल्डियाल गांव, जाखणी सहित नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। योजना ठप होने से क्षेत्र की करीब 10 हजार की आबादी प्राकृतिक जल स्रोत, हैंडपंप व अलकनंदा नदी से पानी ढो कर प्यास बुझा रही है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य रंजन रतूड़ी ने विभागीय लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि समस्या के संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचित किया गया है, लेकिन जल संस्थान समस्या का समाधान नहीं कर रहा। बताया कि विभाग ने औपचारिकता के तौर पर जो पानी का टैंकर लगाया है वह भी कुछ ही परिवारों तक सीमित है। वहीं अधिशासी अभियंता गढ़वाल जल संस्थान आशीष भट्ट का कहना है कि सड़क निर्माण से क्षतिग्रस्त पाइप लाइन पर मरमत का काम चल रहा है। शीघ्र ही लाइन को ठीक कर पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।