शाह के दौरे पर उत्साह में डोईवाला
-- मुख्यमंत्री का विधानसभा क्षेत्र होने के चलते की गई हैं विशेष तैयारियां
अमर उजाला ब्यूरो
डोईवाला।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के दौरे का रंग मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की विधानसभा डोईवाला में पूरी तरह से चढ़ गया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लेकर नगर डोईवाला तक झंडे, बैनर, होर्डिंग और स्वागत द्वार से सजावट की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगमन पर सुबह 9:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से स्वागत की शृंखला शुरू की जाएगी। भाजपा संगठन के दो डोईवाला और भानियावाला मंडल के पदाधिकारियों ने देर शाम तक सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर बुलेट बाइक वाले कार्यकर्ताओं का काफिला शाह के आगे चलेगा।
नगर में एक हजार लोगों की श्रृंखला बनाकर स्वागत करने की योजना तैयार की गई है। स्वागत कार्यक्रम से जुड़े रामेश्वर प्रसाद लोधी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का ऐतिहासिक स्वागत डोईवाला विधानसभा के कार्यकर्ता करेंगे। पूरे क्षेत्र में भाजपा संगठन के ध्वज से लेकर स्वागत के लिए द्वार तैयार कर दिए गए हैं। सीएम के निर्वाचन क्षेत्र डोईवाला के भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्वागत के लिए हर स्तर पर तैयारी कर रहे हैं। नगर में होने वाले स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं ने कार्यकर्ता संख्या बल रखने की भी फुल प्रूफ प्लानिंग की है।