गोपेश्वर। पुलिस मैदान में सोमवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयी वालीबाल प्रतियोगिता रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में राज्य के 13 जनपदों की टीमें भाग ले रही हैं।
उद्घाटन मैच चमोली और स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के बीच खेला गया, जिसमें देहरादून की टीम ने चमोली को 25-23 व 25-22 के दो सेटों में पराजित कर जीत दर्ज की। पहला मैच करीब आधा घंटे तक चला। दूसरा मैच हरिद्वार और देहरादून के बीच खेला गया, जिसमें 25-20 व 26-24 से हरिद्वार ने जीत दर्ज की। इसी तरह तीसरे मैच में नैनीताल की टीम ने रुद्रप्रयाग को 25-19 व 25-11 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष संदीप रावत ने किया। उन्होंने कहा कि देहरादून और हरिद्वार के बजाय पर्वतीय क्षेत्रों में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से छिपी प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलता है। इस दौरान जीजीआईसी गोपेश्वर और सुबोध प्रेम विद्या मंदिर की छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी, पंजाबी और गढ़वाली गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी ललित मोहन चमोला, पुलिस उपाधीक्षक हरबंस सिंह, अजय कप्रवाण, अशुतोष भंडारी, डीएल टम्टा, गोपाल बिष्ट, केसी पंत, पृथ्वी रावत, अनूप रावत, ममता शाह और किरन हटवाल आदि मौजूद थे।