श्रीनगर रंगारंग कार्यक्रमों के साथ टिहरी जनपद की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘त्रि-पथगा’ का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में 9 विकासखंडों के करीब 400 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। रंगारंग कार्यक्रमों साथ पहले दिन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
जीआईसी किलकिलेश्वर के मैदान में सोमवार को त्रिपथगा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कहा कि त्रिपथगा साहित्यिक, सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिता का समागम है। यह प्रतियोगिता छात्रों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराती है। सोमवार को प्रतियोगिता के पहले दिन दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 800 मीटर सीनियर बालक वर्ग में सचिन प्रथम, संजय द्वितीय व विपिन सिंह तृतीय स्थान पर रहे। 800 मीटर जूनियर बालक वर्ग में कुशाग्र सिंह पहले, सुरेश दूसरे और आशीष ढौंडियाल तीसरे स्थान पर रहे। जबकि 800 मीटर जूनियर बालिका वर्ग में ममता को पहला, नीमा को दूसरा और अंकिता को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। वहीं 600 मीटर सब जूनियर बालक आशीष ढौडियाल प्रथम, सुरेश द्वितीय, कुशाग्र सिंह तृतीय स्थान पर रहे। 600 मीटर सब जूनियर बालिका शीतल ने पहले, अंजलि ने दूसरे और मीनाक्षी ने तीसरे स्थान पर जगह बनाई। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन 20 सितंबर को किया जाएगा। कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख कीर्तिनगर अनीता निजवाला, जिला पंचायत सदस्य उत्तम भंडारी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिवप्रसाद सेमवाल, खंड शिक्षा अधिकारी डा. सुरेंद्र सिंह नेगी, प्रतियोगिता संयोजक वीरेंद्र सिंह रावत, सह संयोजक मीना सेमवाल, शिवप्रसाद रतूड़ी, रविंद्र सिंह मियां, गणेश डिमरी आदि मौजूद रहे।