फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दीवाली तक पांच हजार घरों को सोलर लाइन से किया जाएगा रोशन, जल्द होगी विद्यालयों में 800 प्रवक्ताओं की नियुक्ति

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
गोपेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बृहस्पतिवार को गोपेश्वर पुलिस मैदान में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनता की समस्याएं सुनीं। सीएम ने कहा कि दीपावली तक राज्य के पांच हजार घरों को सोलर लाइट से रोशन किया जाएगा। सीएम ने विभिन्न विद्यालयों में प्रवक्ताओं की तैनाती करने की जनता की मांग पर कहा कि जल्द ही 800 प्रवक्ता मिल जाएंगे, जिन्हें शीघ्र प्राथमिकता वाले विद्यालयों में भेज दिया जाएगा। सीएम ने इस दौरान कई घोषणाएं भी कीं। कार्यक्रम शुभारंभ के दौरान बच्चों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बृहस्पतिवार को सीएम सुबह साढ़े नौ बजे गोपीनाथ मंदिर पहुंचे और यहां मत्था टेकने के बाद पुलिस मैदान में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यदि कोई भी अधिकारी व कर्मचारी रिश्वतखोरी करेगा, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को संचार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि जिन गरीब परिवारों को उज्ज्वला योजना में रसोई गैस कनेक्शन नहीं मिल पाया है, सरकार उन्हें निशुल्क गैस कनेक्शन देगी। महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए न्याय पंचायतों में महिलाओं के समूह का गठन कर उन्हें सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि प्रदेश में 108 सेवा को मजबूत किया जाएगा। सेवा के संचालन के लिए छह करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। जनता मिलन कार्यक्रम में जोशीमठ के ग्रामीणों ने कहा कि पैंग-मुरंडा पैदल मार्ग पर वर्ष 2008-09 से झूला पुल का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। लोनिवि की ओर से ठेकेदार को 52 लाख रुपये की पेमेंट हो चुकी है लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। इस पर सीएम ने संबंधित अधिकारी का जवाब तलब किया। इसके बाद सीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और अधिकारियों को बिगड़ते लिंगानुपात को सुधारने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएम को जिले में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड मशीनों के निरीक्षण के भी निर्देश दिए। इस मौके पर बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, थराली विधायक मगन लाल शाह, कर्णप्रयाग विधायक सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, रामकिशन सिंह रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजया रावत, पालिकाध्यक्ष संदीप रावत, रोहिणी रावत आदि मौजूद थे।
विज्ञापन


दर्ज 676 शिकायतों में से 250 का सीएम ने किया निस्तारण
गोपेश्वर। सीएम के जनता मिलन कार्यक्रम में 676 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से करीब 250 शिकायतों का सीएम ने मौके पर ही निस्तारण किया। सीएम ने अन्य शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।
विज्ञापन

जनता मिलन कार्यक्रम में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य की समस्याएं ज्यादा आईं। जोशीमठ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में पेयजल और प्रवक्ताओं की समस्याओं को दूर करने तो पालीटेक्निक गोपेश्वर के छात्र छात्राओं ने संस्थान में बंद ट्रेडों को दोबारा शुरू करने की मांग उठाई। ठेकेदार संगठन ने विभागीय पंजीकरण प्रणाली और ई-टेंडरिंग में हो रही दिक्कतें दूर करने, जोशीमठ ब्लॉक प्रधान संगठन ने क्षेत्र में सड़क निर्माण व गांवों को पालिका क्षेत्र से दूर रखने, होटल एसोसिएशन ने ऑल वेदर रोड के नियमों में छूट देने, मंडल घाटी के गोविंद सिंह बिष्ट ने जीआईसी बैरांगना में एनसीसी डिवीजन खोलने व मिनी स्टेडियम का निर्माण करने, ग्राम प्रधान लकेश तोपाल ने धारकोक व मथरपाल गांव में पेयजल लाइन का निर्माण करने आदि की मांग उठाई। मंडल क्षेत्र के ग्रामीणों ने जड़ी-बूटी शोध एवं विकास संस्थान का मूल स्वरूप में विकास करने की मांग की।


इंसेट
जनता मिलन कार्यक्रम में सीएम ने ये की घोषणाएं -
- भराड़ीसैंण विधान सभा के लिए 148 करोड़ की स्वीकृति।
- गैरसैंण में रामगंगा पर झील का निर्माण।
- जीआईसी भराड़ीसैंण व कांसुवा में विद्यालय भवन का निर्माण।
- गोपेश्वर में ऑडिटोरियम निर्माण किया जाएगा।
- छिनका मल्ला गांव के लिए पांच किलोमीटर सड़क निर्माण स्वीकृृत।
- राजीव गांधी नवोदय विद्यालय जोशीमठ के लिए छात्रावास निर्माण।
- गोविंदघाट, बदरीनाथ में पार्किंग स्थल का निर्माण।
- नंदप्रयाग-घाट मोटर मार्ग का सुधारीकरण व चौड़ीकरण कार्य को स्वीकृति।
- लाटू मंदिर का सुंदरीकरण व नंदा मंदिर कुरुड़ तक पहुंच मार्ग।
- देहरादून-देवाल रोडवेज बस सेवा की स्वीकृति।
- पिंडर नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य स्वीकृत।
- देवाल में पांच नहरों के पुनरुद्धार कार्य को स्वीकृति।
- जीआईसी थिरपाक का नाम शहीद अजय लाल के नाम पर रखने की स्वीकृति।
- भराड़ीसैंण में हेलीपैड निर्माण।
- विश्व धरोहर रम्माण मेला स्थल तक सड़क निर्माण को स्वीकृति।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें