श्रीनगर। धोविघाट-डांग ऐठाणा हल्का वाहन मार्ग निर्माण पूरा न किए जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की ओर से सड़क किनारे कई जगहों पर पैच व नाली निर्माण के कार्य सहित पानी की निकासी का कार्य अधूरा छोड़ा गया है जोकि वाहन चालकों, भवन स्वामियों व राहगीरों के लिए भी खतरा बना है।
बृहस्पतिवार को डांग ऐठाणा के प्रधान राकेश डोभाल सहित ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। कहा कि एडीबी की ओर से सितंबर 2015 में पौने दो किमी धोविघाट-डांग ऐठाणा हल्का वाहन मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया, लेकिन समय अवधि बीत जाने के बाद भी विभाग सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं करा पाया है। विभाग की ओर से मार्ग पर करीब तीन जगहों पर पैच छोड़े गए है जबकि कई जगहों पर नाली निर्माण व पानी की निकासी का कार्य भी पूरा नहीं करवाया गया है। ग्राम प्रधान राकेश डोभाल ने बताया कि विभाग की ओर से सड़क पर एकत्र की गई मिट्टी भी नहीं हटाई गई है। ग्रामीण मुकेश धानाई, निर्मल चौहान, देवेंद्र भट्ट, राहुल राणा, दुर्गेश काला, रतन सिंह आदि ने 20 दिनों के भीतर निर्माण कार्य पूरा न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। दूसरी ओर एडीबी के सहायक अभियंता आलोक जैन का कहना है कि स्थानीय लोगों की ओर से विवाद पैदा करने से मार्ग निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पा रहा है।