अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
कृषि उत्पादन मंडी समिति की ओर से किसान के द्वार कार्यक्रम के तीसरे चरण में बुधवार को एक्कड़कला गांव में कृषि गोष्ठी के दौरान किसानों को पौधे बांटे गए। साथ ही उनके संरक्षण और संवर्द्धन की शपथ भी दिलाई गई। ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार परियोजना के तहत किसानों का पंजीकरण भी किया गया।
शिव मंदिर परिसर में हुई गोष्ठी में कृषि उत्पादन मंडी समिति के अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि मंडी समिति किसानों के हित संरक्षण के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि किसानों को इस समय फलदार और छायादार प्रजाति के पौधे वितरित किए जा रहे हैं। किसानों को उपज को सुरक्षित रखने के लिए निशुल्क क्रेट मुहैया कराने के लिए कृषि मंत्री सुबोध उनियाल को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। स्वीकृति आते ही पंजीकृत कृषकों को निशुल्क क्रेट मुहैया कराए जाएंगे।
कृषक डा. कुलवीर सिंह ने कहा कि किसान पर्यावरण के संरक्षण में योगदान को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मंडी समिति की ओर से दिए जा रहे पौधें के संरक्षण और संवर्द्धन हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
कृषक गोष्ठी में डा. विजेंद्र चौहान, राजीव गिरि, हसरत अली हाजी, चौ सत्यपाल कुमार, सुरेश चौहान, सुरेश चौहान, अरविंद कुमार, पंकज शाह, रविश सहित भारी तादाद में कृषक गोष्ठी में शिरकत की। गोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ कृषक महेंद्र सिंह नेगी ने की तथा संचालन डा. कुलवीर सिंह ने किया।