फोटो :----------------
स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश
-- हरियाणा के गुरुग्राम में एक स्कूल में बच्चे की मौत के बाद पुलिस हुई सख्त
-- कैमरे न लगाने और स्टाफ का सत्यापन न करवाने वालों के खिलाफ होगा मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
हरियाणा के गुरुग्राम में एक स्कूल के अंदर मासूम की हत्या होने के बाद पुलिस ने स्कूल प्रबंधकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के तमाम निजी और सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों की बैठक ली, जिसमें पुलिस की ओर से उन्हें स्कूल कैंपस में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिक्षकों और स्कूल में कार्यरत अन्य स्टाफ का सत्यापन कराने के लिए भी कहा गया है। पुलिस ने आगाह किया कि ऐसा नहीं करने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सोमवार को कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में प्रशिक्षु आईपीएस व सीओ मंजूनाथ टीसी ने क्षेत्र के करीब 64 राजकीय व पब्लिक स्कूलों के प्रधानाचार्यों व प्रतिनिधियों के साथ बैठक की, जिसमें पुलिस क्षेत्राधिकारी ने उन्हें स्कूल-कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, शिक्षकों व अन्य स्टाफ का सत्यापन कराने और निजी स्कूलों में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्हें स्कूल वाहनों के चालक व परिचालक का सत्यापन कराने को भी कहा गया है।
इसके लिए पुलिस की ओर से सभी स्कूल संस्थाओं को पांच दिन का समय दिया गया है। पांच दिन बाद इसकी प्रगति की समीक्षा की जाएगी। बताया कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित स्कूल प्रबंधन को तीन दिन का समय और दिया जाएगा। इसके बाद पुलिस ऐसे सभी स्कूलों का भौतिक निरीक्षण करेगी और इसके बाद मनमानी करने वाले प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उक्त कदम स्कूली बच्चों के साथ बढ़ते आपराधिक वारदातों को रोकने के लिए उठाया है। इस अवसर पर धर्मपाल सिंह, दीपक भार्गव, राजाराम भट्ट, आरपी पांडेय, संजय भट्ट, विवेक सिंह, सुनील कुमार, भीष्म सिंह राजपूत, सुल्ताना जहरा, दाताराम, रणवीर सिंह नेगी, अनीता रतूड़ी आदि मौजूद थे।