गोपेश्वर (ब्यूरो) फोन करने के बाद भी 108 वाहन के नहीं आने पर एक गर्भवती महिला को नगर पालिका के कूड़ा वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में महिला ने एक बेटे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
शनिवार शाम आठ बजे संगीता देवी निवासी हल्दापानी मोहल्ला को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजनों ने 108 को फोन किया। एक घंटे बाद भी जब 108 वाहन नहीं पहुंचा तो परिजन संगीता को लेकर गोपेश्वर-चमोली सड़क पर आ गए। यहां नगर पालिका के कूड़ा वाहन के साथ आ रहे पालिका के कर्मचारी प्रदीप तिवारी ने जब महिला को प्रसव वेदना में देखा तो तत्काल उसे कूड़ा वाहन से ही जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां महिला ने रात को दस बजे एक बेटे को जन्म दिया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. विराज शाह ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वास्थ्य हैं। वहीं 108 वाहन सेवा के चालक सुंदर सिंह राणा का कहना है कि चमोली बाजार से 10 किमी चलने पर करीब आधा घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तक तक महिला को कूड़ा वाहन से अस्पताल ले जाया जा चुका था। वाहन समय से पहुंच चुका था।