कीर्तिनगर। दुगड्डा के ग्रामीणों की शिकायत पर तहसील प्रशासन ने दो मांस विक्रेताओं का चालान किया। ग्रामीणों की शिकायत थी कि मांस विक्रेता गंदगी स्थानीय गदेरे में डाल रहे हैं।
शुक्रवार को दुगड्डा के ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम नूपुर वर्मा से क्षेत्र के दो मांस दुकान संचालकों की शिकायत की। ग्रामीण जयपाल राणा व अनूप राणा ने कहा कि दुगड्डा बाजार में मांस के दुकान संचालक सारी गंदगी स्थानीय गदेरे (दुगड्डा गाड़) में डाल रहे हैं। ग्रामीणों ने दुकान संचालकों की ओर से मानकों का प्रयोग न किए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम नूपुर वर्मा ने राजस्व निरीक्षक सब्बल सिंह को मौके पर भेजा। मौके पर निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों की शिकायत सही पाए जाने पर मांस दुकान संचालक रोहित पाल व शफीर अहमद का चालान किया गया। तहसील प्रशासन ने दुकान संचालकों को चेतावनी दी कि अगर गंदगी गदेरे में डाली गई तो लाइसेंस निरस्त कर दुकान सील कर दी जाएगी। ब्यूरो