गोपेश्वर। पुलिस विभाग की ओर से पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित अपराध गोष्ठी में एसपी ने थाना व चौकी प्रभारियों को बाहरी लोगों के शत-प्रतिशत सत्यापन के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और ऐसे लोगों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। एसपी ने जोशीमठ थाने के थानाध्यक्ष आशीष रवियान को मैन ऑफ द मंथ घोषित किया। साथ ही सराहनीय कार्य करने पर 11 पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित भी किया गया। एसपी तृप्ति भट्ट ने पुलिस अधिकारियों को बाहरी लोगों के सत्यापन, शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और वाहनों की सघन चेकिंग कर सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। एसपी ने नारायणबगड़ की चौकी प्रभारी संतोष सेमवाल, सुरेंद्र, अजय काला, गौरव, भूपेंद्र, सुखपाल, अरुण गिरी, अरविंद लिंगवाल, प्रदीप कुकरेती, धीरेंद्र व सुरेंद्र को पुलिस कार्यों में बेहतर सेवा देने पर सम्मानित किया गया। इस मौके पर सीओ मिथिलेश सिंह, हरवंश सिंह और विजय मठपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।