श्रीनगर। ग्राम प्रधानों का मानदेय बढ़ाने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर विकास खंड खिर्सू के ग्राम प्रधानों ने बीडीसी बैठक का बहिष्कार किया। इसके चलते बैठक स्थगित कर दी गई और अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। इस दौरान प्रधानों ने विकास खंड कार्यालय खिर्सू में सांकेतिक तालाबंदी कर जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बृहस्पतिवार को खिर्सू मेें क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक आयोजित होनी थी। अधिकारी भी धीरे-धीरे विकास खंड के सभागार में पहुंच रहे थे, लेकिन बैठक शुरू होने से पूर्व विकास खंड खिर्सू के लगभग 43 ग्राम प्रधानों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों को मिलने वाली 60 फीसदी राज्य वित्त की कटौती से विकास कार्य ठप हो गए हैं। मनरेगा में दो साल से मजदूरी का भुगतान नहीं हुआ है। जो भुगतान अकुशल मद में किया गया भी गया है, वह आधार लिंक की वजह से अटका हुआ है। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा कि सरकार की ओर से वादाखिलाफी होने के कारण प्रधानों को पुन: हड़ताल करनी पड़ रही है। प्रदर्शन में प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष राकेश भंडारी, प्रधान लक्ष्मी देवी, सोनी देवी, राजेश्वरी रावत, मस्तान सिंह, विनीता टम्टा, चतर सिंह, और लक्ष्मी देवी आदि शामिल थे।