जंगल की भूमि पर कब्जा कराने का आरोप
ढालवाला के नागरिकों ने डीएफओ को सौंपा ज्ञापन
प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा वन भूमि पर कब्जा करने व हरे पेड़ों को केमिकल से सुखाने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
मुनिकीरेती।
नगर पालिका मुनिकीरेती के ढालवाला क्षेत्र में वन विभाग की भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण के विरोध में नागरिकों ने बुधवार को प्रभागीय वनाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने विभाग पर वन भूमि के संरक्षण में लापरवाही बरतने और अतिक्रमणकारियों को शह देने का आरोप लगाया है।
पूर्व प्रधान रोशन रतूड़ी के नेतृत्व में स्थानीय नागरिक बुधवार को प्रभागीय वनाधिकारी राहुल के पास पहुंचे थे। लोगों का आरोप है कि ढालवाला क्षेत्र की सीमा पर एक प्रभावशाली व्यक्ति वन भूमि पर अतिक्रमण कर रहा है। कब्जा के लिए कई हरे पेड़ों को केमिकल डालकर सुखा दिया गया है। इस मामले में पूर्व में स्थानीय लोग वन विभाग से लिखित शिकायत दर्ज कर चुके हैं। बावजूद इसके अभीतक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने चेताया कि इस मामले में विभागीय स्तर से लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में सुमन नैथानी, अनीता उनियाल, सतीश उनियाल, विजयपाल सिंह, विजयलक्ष्मी सेमवाल, सीता देवी, नीलम देवी, वनारसी नेगी, कविता नेगी, मधु बिजल्वाण, उर्मिला नेगी, सुनीता, रुचि चौहान आदि मौजूद थीं।