अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की भूमि पर कब्जे दिन प्रतिदिन बढ़ते ही जा रहे हैं। विभाग की भूमि पर दो सालों में छोटे-बड़े पक्के निर्माण तक हो गए। इसके बावजूद अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं। ये हालत तब है, जब पार्क की भूमि पर बिना अनुमति के पैर रखना भी कानूनन अपराध है। अधिकारियों को कब्जों की शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
राजाजी टाइगर रिजर्व और वन विभाग की भूमि पर कब्जों की बाढ़ सी आ गई है। हिल बाईपास मार्ग से खड़खड़ी मार्ग तक सटी भूमि पर अचानक चाहरदीवारी खड़ी कर दी गई है। कई बार इसकी शिकायत अधिकारियों को भी की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों की मानें तो अब कुछ राजनीतिक लोगों ने इस पर कब्जा जमा लिया है। यही हाल शहर के अन्य इलाकों का भी है। विभाग की भूमि पर दो साल पहले सीमित संख्या में कब्जे थे, लेकिन वर्तमान में यहां सैकड़ों छोटे-बड़े पक्के निर्माण तक हो गए हैं। कार्रवाई न होने से दिन-प्रतिदिन कब्जेधारक यहां झोपड़ी, सर्विस सेंटर तक बना रहे हैं।
पार्क की भूमि पर बनाया खेल मैदान
हरिद्वार। औद्योगिक क्षेत्र में एक स्कूल की ओर से विभाग की भूमि पर खेल मैदान व पार्किंग तक बना दी गई है। यहां पहले विभाग की ओर से पेड़-पौधे लगाए थे, लेकिन वर्तमान में यहां साइकिल, मोटरसाइकिल व कार आदि के लिए पार्किंग बना दी गई है। साथ ही यहां बच्चों के खेलने के लिए खेल का मैदान तक बना दिया है, लेकिन इसके बावजूद विभाग आंखें मूंदे बैठा है।
कार्यालय के 100 मीटर पास ही कब्जा
हरिद्वार। टिबड़ी फाटक के पास ही वन विभाग की भूमि पर आधा दर्जन से अधिक सर्विस सेंटर खुले हैं। यहां मोटरसाइकिल व कार आदि की सर्विस की जाती है। विभाग की भूमि पर सर्विस सेंटर खोलने की अनुमति कैसे और किसने दी यह स्वयं में सवाल है। यहां से विभागीय अधिकारी रोजाना गुजरते भी हैं, इसके बावजूद इन अवैध कब्जेधारकों पर कार्रवाई नहीं हुई। ये हाल तब है जब 100 मीटर के दायरे में हरिद्वार वन प्रभाग और राजाजी टाइगर रिजर्व के दफ्तर है।
निर्माण कार्य रुकवाया
हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क में अवैध निर्माण की सूचना पर सोमवार को विभाग ने गोसाईं गली में अवैध निर्माण रुकवाया है। आरोप है कि निर्माणाधीन भूमि स्वामी पास में पार्क की जगह कब्जाना चाह था। जिस पर विभाग ने कार्रवाई की। सवाल उठ रहा है कि आखिर विभाग गोसाईं गली तक तो गया, लेकिन 500 मीटर दूर हिल बाईपास मार्ग पर विभाग नहीं पहुंच सका।
वर्जन
विभाग की भूमि पर किसी भी सूरत में कब्जे नहीं होने दिए जाएंगे। जहां से भी शिकायत मिलती है तत्काल कब्जा को हटाया जाता है। - डीपी उनियाल, प्रभारी हरिद्वार रेंज राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क