गोपेश्वर। जोरदार बारिश से बाजपुर और मैठाणा में बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों की आवाजाही खतरनाक हो गई है। बाजपुर गदेरे में आया टनों मलबा हाईवे पर आ गया है, जिससे यहां बृहस्पतिवार को करीब आठ घंटे वाहनों की आवाजाही बाधित रही। बुधवार रात को हुई जोरदार बारिश के बाद मध्य रात्रि में दो बजे बाजपुर में बाधित हुआ हाईवे बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे वाहनों की आवाजाही के लिए खुल पाया। गदेरे से बाजपुर गांव के आवासीय मकानों को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। बीआरओ की ओर से यहां लाखों की लागत से बाढ़ सुरक्षा कार्य भी कराए गए थे, जो अब बह गए हैं। लामबगड़ में फिलहाल हाईवे पर आवाजाही सुचारु बनी हुई है। मैठाणा में बदरीनाथ हाईवे लगातार धंस रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है।
भारी बारिश से मची अफरा-तफरी, घरों में घुसा मलबा
गोपेश्वर। बुधवार रात को हुई मूसलाधार बारिश से नगर के नैग्वाड़, जीआईसी कॉलोनी, हल्दापानी, सुभाष नगर मोहल्लों में लोग रातभर नहीं सो पाए। कई घरों में मलबा और बारिश का पानी घुस गया। जीआईसी कॉलोनी में गोपेश्वर बाईपास मार्ग का गंदा पानी कांति पाल, भीम लाल और राज बगोरिया के कमरों में घुस गया, जिससे यहां मोहल्ले में रातभर अफरा-तफरी मची रही। बारिश से गोपेश्वर बाईपास मार्ग भी कई जगहों पर धंस गया है। गोपेश्वर-चमोली मोटर मार्ग पर पटियालधार में सड़क की नाली बंद होने से निचले क्षेत्र के आवासीय भवनों को खतरा उत्पन्न हो गया है। यहां लगातार पहाड़ी से भू-धंसाव भी हो रहा है। चमोली कस्बे में भी भारी बारिश से रातभर लोग सो नहीं पाए।