गोपेश्वर। जंगल से गाय चराकर लौट रहे एक व्यक्ति को भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। निजमूला-पगना सड़क बंद होने के कारण ग्रामीण घायल को करीब पंद्रह किलोमीटर तक कुर्सी पर बांधकर घाट बाजार लाए। यहां से 108 सेवा के स्वास्थ्य कर्मियों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर भेज दिया।
नरेंद्र लाल (45), झींझी गांव निवासी गाय को जंगल में घास चराकर लौट रहा था कि मंगलवार शाम को सात बजे भालू ने उस पर हमला कर दिया। आसपास के ग्रामीणों ने हल्ला मचाया तो भालू भाग गया। नरेंद्र को गंभीर घायल देख ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाना चाहा लेकिन निजमूला-पगना सड़क बंद होने के कारण घायल को पैदल ही ले जाने की सोची। तब ग्रामीणों ने कुर्सी की व्यवस्था की और घायल को कुर्सी से बांधकर 15 किमी की पैदल दूरी तय कर रामणी गांव तक लाए। रात होने के कारण वह यहीं रुक गए। बुधवार सुबह उन्होंने 108 एंबुलेंस को फोन किया तो स्वास्थ्य कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल का इलाज किया और उन्हें घाट तक ले आए। नरेंद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया। झींझी गांव निवासी राजे सिंह का कहना है कि एक सप्ताह से निजमुला-पगना सड़क मलबा आने से जगह-जगह बंद पड़ी है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण रोजमर्रा के कामों के लिए भी मीलों दूरी पैदल नाप रहे हैं। वहीं जिलाधिकारी आशीष जोशी का कहना है कि बारिश से जहां भी सड़कें बंद पड़ी हैं, निर्माण विभागों को शीघ्र सड़कों को खोलने के आदेश दिए गए हैं। पगना सड़क को भी जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।