कर्णप्रयाग। ब्लाक सभागार में सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत आयोजित कार्यशाला में प्रधानों ने लोक सूचना अधिकारी का दायित्व हटाने की मांग की। प्रधान संगठन के प्रांतीय सचिव हरीश चौहान ने कहा कि प्रधानों के पास सूचना अधिकारी जैसे संसाधन नहीं हैं, जबकि राजनीतिक पद होने के नाते प्रधान को सूचना अधिकार के तहत कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कार्यशाला में ब्लाक के प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य को सूचना अधिकार अधिनियम की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए ब्लाक प्रमुख राधा देवी ने कहा कि सूचना के अधिकार की सही जानकारी होने से लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। कार्यशाला में खंड विकास अधिकारी एमपी भट्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी एमएस सजवाण, एडीओ पंचायत एमएम नगवाल, प्रधान संगठन के अध्यक्ष खिलदेव रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेनू नेगी, भगवान कंडवाल, किरन देवी, संदीप खंडूड़ी, राकेश लाल, माया देवी सहित 96 ग्राम पंचायतों के प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद थे।