अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
बैंक में एकाउंट के जानकारी लेने पहुंचे छात्र के साथ अभद्रता के आरोप में गुरुकुल कांगड़ी के छात्रों ने बैंक के बाहर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस टीम से भी छात्रों की नोकझोंक हुई। बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों ने बैंक के बाहर धरना शुरू कर दिया है।
गुरुकुल बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र ने 19 अगस्त को पंजाब नेशनल बैंक की सिंहद्वार शाखा में खाता खुलवाने के लिए आवेदन किया था। उसके बाद बाद छात्र को एकांउट नंबर तो मिल गया, लेकिन केवाईसी नहीं होने से एकाउंट संचालित नहीं हो पाया। छात्र सोमवार शाम साढ़े चार बजे अपने एकाउंट की जानकारी लेने के लिए बैंक पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान बैक कर्मचारियों ने तेज आवाज में बात करनी शुरू कर दी। छात्र का आरोप है कि बैंक कर्मचारियों और अन्य लोगों ने मिलकर उसके साथ अभद्रता कर उसे बाहर निकाल दिया। इसकी जानकारी अन्य छात्रों को हुई तो गुरुकुल कालेज से जुड़े अन्य छात्र नेता समेत भारी संख्या में बैंक के बाहर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। बैंक अधिकारियों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी तो कनखल थानाध्यक्ष अनुज सिंह और महावीर रावत टीम के साथ बैंक पहुंचे। उन्होंने बातचीत का प्रयास किया तो छात्रों ने बैंक कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बैंक अधिकारी और छात्रों के बीच समझौता नहीं होने पर छात्रों ने बैंक के बाहर धरना शुरू कर दिया। उधर पुलिस मामले की सच्चाई जानने के लिए बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। धरना देने वालों में मोहित चौहान, तरुण चौहान, विक्रम भुल्लर, शुभम खटाना, चर्चित वालियान, अमन भटनागर, गोविंद सिंह, अमन सिंह, पीयूष चौहान, शुभम, अभिषेक चौहान, कृष्ण गोपाल, सुमित चौधरी, रवि तिवारी, अमन यादव, रणजीत सिंह समेत भारी संख्या में छात्र नेता मौजूद रहे।
वर्जन
बैंक कर्मचारियों ने कोई अभद्रता नहीं की है। बैंक के अंदर हंगामा करने पर एक उपभोक्ता ने छात्र को बाहर जाने के लिए कहा था। छात्र का खाता खुल चुका है। केवाईसी होने के बाद ही खाता संचालित हो सकेगा। - प्रवीण त्यागी, बैंक मैनेजर पीएनबी शाखा सिंहद्वार