जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे शुक्रवार को दस घंटे तक बाधित रहा। बारिश के कारण मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़, पिनोला और पागलनाले में बाधित हो गया था। लोनिवि की एनएच इकाई की ओर से सुबह 7 बजे लामबगड़ तथा बीआरओ ने पिनोला और पागलनाले में 10 बजे हाईवे सुचारु किया गया। यहां सुबह सात बजे से जाम लगना शुरू हो गया। इस कारण यहां तीन घंटे तक तीर्थयात्री जाम में फंसे रहे।
बृहस्पतिवार रात को हुई मूसलाधार बारिश से रात करीब एक बजे पागलनाले के उफना पर आने टनों मलबा और बोल्डर बदरीनाथ हाईवे पर आ गए। वहीं लामबगड़ और पिनोला में भी मलबा हाईवे पर आ गया। शुक्रवार सुबह मौसम साफ होने पर बीआरओ ने सुबह छह बजे हाईवे खोलना शुरू किया। यहां चार घंटे की मशक्कत के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु की गई। वहीं लामबगड़ और पिनोला में सुबह 7 बजे हाईवे सुचारु कर दिया गया था। हाईवे खुला तो शुक्रवार को देर शाम तक 458 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जबकि 254 तीर्थयात्री गोविंदघाट से घांघरिया के लिए रवाना हुए।