पोखरी। केदारनाथ के विधायक मनोज रावत ने कहा कि सरकार प्रवक्ताओं और छात्रों पर जबरदस्ती ड्रेस कोड थोप रही है, जबकि शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए पहली जरूरत महाविद्यालयों में प्रवक्ताओं की कमी दूर करने की है। विधायक रावत बृहस्पतिवार को यहां चंद्र कुंवर बर्त्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पोखरी के छात्रसंघ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी।
विधायक रावत ने कहा कि छात्र-छात्राएं पठन-पाठन के साथ ही सामाजिक बुराइयों को दूर भगाने में भी अपनी भागीदारी निभाएं। प्रदेश की भाजपा सरकार पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि 108 आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों को वेतन के लाले पड़े हुए हैं। समारोह में गायक अंकित किमोठी ने जै बोला नंदा, जै बोला नंदा गीत से छात्र-छात्राओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रसंघ अध्यक्ष सूरज खत्री ने महाविद्यालय की समस्याएं गिनाई। इस मौके पर प्राचार्य डा. जेके गौतम, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल नेगी, पूनम रावत, सुनील नेगी, मदुसूधन चौधरी, वीरेंद्र भंडारी आदि मौजूद थे।