गोपेश्वर। जिलाधिकारी आशीष जोशी ने जिला चिकित्सालय के अधिकारियों को वार्डों में मरीजों से मिलने आने वाले परिजनों का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए। बुधवार को डीएम ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल, सर्जिकल, ऑपरेशन थिएटर और वार्डों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने चिकित्सा प्रबंधन समिति के माध्यम से चिकित्सालय में जन औषधि केंद्र का संचालन करने के निर्देश दिए। बर्निंग वार्ड में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी के लिए सिटी चार्टर बोर्ड लगाने और धूम्रपान निषेध संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाने की बात कही। उन्होंने चिकित्सालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग टैंक स्थापित करने तथा मेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी ने कहा कि चिकित्सालय मेें सृजित 25 पदों के सापेक्ष 17 चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जिसमें से 12 कार्यरत है। जबकि 5 चिकित्सक अवकाश पर हैं। इस मौके पर एसीएमओ डा. मयंक बडोला सहित विभागी अधिकारी मौजूद थे।