गौचर। राजकीय पॉलीटेक्निक में हुई एंटी रैगिंग गोष्ठी में रैगिंग प्रतिबंधित करने के लिए उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का पालन करने की छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई। साथ ही रैगिंग करने वाले छात्र-छात्राओं को होने वाली सजा के प्रावधानों के बारे में बताया गया।
संस्थान के प्राचार्य देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में प्राचार्य ने बताया कि सीनियर छात्र-छात्राएं फ्रेशर के साथ कोई ऐसा व्यवहार या प्रवृत्ति न दिखाएं जिससे किसी फ्रेशर के मन में भय उत्पन्न हो। कहा कि एंटी रैगिंग समिति के सदस्य संस्थान और संस्थान के बाहर छात्र-छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पुलिस चौकी प्रभारी हेमकांत सेमवाल ने रैगिंग में संलिप्त छात्रों को होने वाली सजा के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। गोष्ठी में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अनुज कुमार, संदीप नेगी, अभिमन्यु, मंजीत सिंह, अर्जुन रावत और विक्रम नेगी आदि मौजूद थे।