देवप्रयाग। घर से भाग कर मसूरी घूमने निकले श्रीनगर के तीन किशारों को पुलिस ने पकड़कर उनके परिजनों को सौंप दिया है।
सोमवार को दो सगे भाइयों सहित तीन किशोर बिना बताए श्रीनगर से स्कूटी में मसूरी घूमने निकल पड़े। अंधेरा होने के चलते वे रात में देवप्रयाग रघुनाथ मंदिर के शेड में सो गए। रात को जब पुलिस गश्त करती हुई मंदिर की ओर आई तो तीनों वहां से खिसक गए।
मंगलवार सुबह साढ़े पांच बजे रूटीन चेकिंग के दौरान जब उक्त तीनों किशोर आते दिखाई दिए तो एसआई विनोद कुमार को शक हुआ। पूछने पर किशोरों ने बताया कि वह सोमवार को श्रीनगर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। रात होने पर वह देवप्रयाग में ही रुक गए। पुलिस ने किशोरों के परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।