गोपेश्वर। तहसील प्रशासन चमोली ने नंदप्रयाग में वन पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण कर गोशाला निर्माण करने के मामले की जांच शुरू कर दी है। बीते दिनों नंदप्रयाग के एक व्यक्ति ने समाधान पोर्टल पर वन पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से गोशाला निर्माण की शिकायत की थी। इस पर जिला प्रशासन ने तहसील चमोली को शीघ्र मामले की जांच कर रिपोर्ट तलब की है।
नंदप्रयाग बाजार के ठीक ऊपर मोहन सिंह रौतेला ने वन पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण कर गोशाला बनवाई। लोगों की शिकायत पर विभाग की ओर से मोहन सिंह का चालान किया गया। इसके बावजूद उसने गोशाला नहीं हटाई। एक माह पूर्व नंदप्रयाग के एक स्थानीय निवासी ने सीएम की निगरानी में संचालित होने वाले समाधान पोर्टल पर गोशाला मामले की जांच की मांग उठाई थी। अब इसका संज्ञान जिला प्रशासन ने लिया उन्होेंने तहसीलदार से मामले में जांच रिपोर्ट तलब करने के निर्देश किए। तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि गोशाला का निर्माण अवैध रूप से हुआ मिला तो गोशाला स्वामी को बेदखली के आदेश दिए जाएंगे।